हज 2026: यूपी के सभी 18,760 तीर्थयात्री चयनित, 20 अगस्त तक जमा करनी होगी अग्रिम धनराशि
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता, गोंडा।
Gonda News :
उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति लखनऊ ने हज-2026 के लिए चयन प्रक्रिया पूरी कर ली है। सचिव/कार्यपालक अधिकारी के अनुसार, 13 अगस्त 2025 को पूर्वाह्न 11:30 बजे हज कमेटी ऑफ इंडिया, हज हाउस, मुंबई में ऑनलाइन कुर्रा (रैंडम डिजिटल सेलेक्शन) आयोजित किया गया। इसका सीधा प्रसारण हज कमेटी की वेबसाइट पर किया गया। इसमें प्रदेश के सभी 18,760 आवेदकों का चयन हो गया है। चयन की सूचना संबंधित कवर हेड के मोबाइल नंबर पर भेज दी गई है।
चयनित यात्रियों की पूरी सूची हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट www.hajcommittee.gov.in और उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की वेबसाइट www.hajcommittee.up.gov.in पर अपलोड कर दी गई है। सूची में प्रत्येक कवर के आगे बैंक रेफरेंस नंबर अंकित है।
हज कमेटी ऑफ इंडिया के निर्देश
- चयनित हज यात्री को ₹1,52,300 अग्रिम धनराशि 20 अगस्त 2025 तक हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई के खाते में जमा करनी होगी।
- यह राशि ऑनलाइन (क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग) या हज सुविधा एप के माध्यम से जमा की जा सकती है।
- स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में पे-इन-स्लिप द्वारा भी राशि जमा की जा सकती है।
- राशि जमा करने के बाद यात्री को रसीद, स्वयं हस्ताक्षरित आवेदन पत्र, घोषणा पत्र, अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट हेतु घोषणा पत्र और मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट पोर्टल पर अपलोड करना होगा या 25 अगस्त 2025 तक लखनऊ स्थित हज हाउस में डाक/दस्ती जमा करना अनिवार्य होगा।
- निर्धारित समय में धनराशि व दस्तावेज न देने पर चयन रद्द किया जा सकता है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रमेश चंद्र ने बताया कि सभी चयनित यात्री समय पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें, जिससे हज यात्रा की तैयारियों में कोई बाधा न आए।



